रविवार, 23 अगस्त 2015

‘हम-परवाज़’ : लघुकथा

आज दोनों पहली बार रेस्ट्रॉ में मिल रहे थे । खाना ख़त्म करने के बाद लड़के ने इधर-उधर देखा फिर लड़की से कुछ कहा और उठकर कहीं चला गया । थोड़ी देर बाद वह कोल्ड ड्रिंक लेकर आया । देते समय थोड़ी सी कोल्ड ड्रिंक लड़की के कपड़ों पर छलक गई । लड़के ने फ़ौरन अपना रुमाल निकाल कर उसकी ओर बढ़ाया । लड़की ने कपड़ों पर छलकी कोल्ड ड्रिंक साफ़ की । थोड़ी देर बाद दोनों उठकर रेस्ट्रॉ के बाहर आ गए । थोड़ी दूर चलने के बाद लड़की ने लड़के से कुछ कहा फिर उसे वहीँ रोककर वापस रेस्ट्रॉ के अन्दर चली गई। शायद वह कुछ भूल गई थी। लड़का थोड़ी देर बाहर खड़ा रहा, फिर वह भी रेस्ट्रॉ के अंदर जाने लगा तभी लड़की वापस आ गई ।

"क्या हुआ ? वापस क्यों चली गई थी तुम ?" लड़के ने एकबार उसकी तरफ, एकबार रेस्ट्रॉ के दरवाज़े की तरफ देखते हुए पूछा ।

लड़की ने बिना कुछ कहे अपने पर्स से एक सिम निकालकर लड़के के हाथ में थमा दिया और जरा गुस्‍से में बोली, “यह क्‍यों दिया तुमने मुझे? ”

“ये तुम्हारे पास कैसे....” शब्द जैसे लड़के के कंठ में अटक के रह गए ।

“जब तुमने मुझे रुमाल दिया था तो यह उसमें था।” लड़की के होठों पर शरारत भरी मुस्कराहट तैर रही थी।

लड़का अभी संभल भी नहीं पाया था कि लड़की ने अपने पर्स से एक मोबाईल भी निकाल कर लड़के के हाथ में थमा दिया। लड़का मोबाईल देख कर हक्का-बक्का रह गया ।

"यह वही मोबाईल है न, जिसको तुमने रेस्ट्रॉ के बिल के पैसे कम पड़ने पर, बदले में दिया था?" लड़की ने रोष भरे अंदाज़ में पूछा ।

"वो, वो तो..." अब तक लड़का एकदम पानी-पानी हो चुका था।

“क्या हमारे प्यार का पंछी एक पंख से उड़ेगा ?” लड़की की आँखों में बेइन्तहा प्यार उमड़ आया था।

मंगलवार, 18 अगस्त 2015

'गुनगुना एहसास’ : लघुकथा

एक तो रात का समय ऊपर से जनवरी की हाड़ कंपा देने वाली ठण्ड। साईकिल चलाते हुए हैंडिल पर मेरी उंगलियाँ जमकर काठ हुई जा रहीं थीं। रास्ते में चाय की गुमटी देखकर मैंने सोचा थोड़ी गर्माहट ले ली जाय, सो चाय का ऑर्डर दे वहाँ रखी बेंच पर बैठ गया।

एकाएक मेरी नजर सामने, सड़क के पार, एक मैले-कुचैले मरियल-से कुत्ते पर पड़ी। मैंने उसे ग़ौर से देखा। यह वही कुत्ता था जिसे हमारे मोहल्ले के एक संभ्रांत परिवार ने कुछ माह पहले मंगवाया था। आरम्भ में तो उसे बड़े लाड़-प्यार से रखा गया, लेकिन माह भर बीतते-बीतते डंडे से उसकी धुनाई होने लगी और फिर एक दिन उसे यह कह कर घर से बाहर कर दिया गया कि वह देशी नस्ल का है।

सामने ही, एक व्यक्ति ठेले के चारों ओर बोरे लटका कर अपना आशियाना बनाने की कोशिश कर रहा था । पास में ईंटों से बने चूल्हे पर रखी देगची में कुछ पकाने को रखा हुआ था। वह कुत्ता बदहवास-सा बार-बार उस देगची की ओर जाता और वह व्यक्ति हर बार डंडे को ज़मीन पर पटक कर उसे भगा देता था।

पक जाने के बाद वह व्यक्ति देगची से खिचड़ी निकालकर खाने लगा। कुछ ही दूरी पर डरा-सहमा कुत्ता अपना मुंह ज़मीन पर टिकाए, पूंछ हिलाता हुआ कूं-कूं करता याचक दृष्टि से उसे देखे जा रहा था। खाते-खाते उस व्यक्ति ने अख़बार के एक टुकड़े पर थोड़ी खिचड़ी रखकर उसकी ओर सरका दी । कुत्ता दबे पाँव पूँछ हिलाता हुआ उसके निकट सरक आया और अख़बार पर पड़ी खिचड़ी खाने लगा।

“साहब, चाय।” चाय वाले की आवाज आई।

उसके हाथ से चाय के गिलास को लेकर मैं अपनी दोनों हथेलियों के बीच जकड़कर बैठ गया। गले में उतारने से पहले जरूरी था कि चाय की गर्मी से उँगलियों को सीधा कर लिया जाए। तीन मिनट का गिलास इसलिए पाँच से भी ज्यादा मिनट में खाली हुआ। गिलास को गुमटी पर रख मैंने चाय के पैसे चुकाए और बेंच से खड़ा हो गया।

चलते-चलते मैंने अनायास ही आख़िरी बार अपनी निग़ाह सामने ठेले की ओर डाली। वह व्यक्ति ठेले की ओट में बिछे बोरे पर एक पुरानी चीकट-सी रज़ाई में गठरी बन चुका था। कुत्ता उसके पैरों के पास रज़ाई से बाहर रह गए बोरे पर सिमटा पड़ा था। तभी उस व्यक्ति ने पैर से रज़ाई का कोना कुत्ते की पीठ पर डाल दिया, कुत्ता गोलमोल होकर उसमें दुबक गया।

चित्र गूगल से साभार 

‘जलकुंभी’ लघुकथा

“उफ़्फ़ ! क्या मुसीबत है, लगता है आज का दिन ही मनहूस है !“

मैं झुंझलाते हुए कार से उतरी । सुबह अस्पताल से आई खबर ने मन को पहले ही खिन्न कर रखा था, ऊपर से रास्ते में कार अलग ख़राब हो गई । हाइवे पर आती-जाती गाड़ियों को हाथ दिखाकर रोकने की कोशिश की किन्तु वे सभी सनसनाती हुई निकल गईं । पास में मैकेनिक की एक गुमटी थी, पर वह बंद थी । हाइवे से उतर कर थोड़ी दूर चलने पर एक झोपड़ा दिखाई दिया, मैं उधर चल पड़ी । उसके पास जाने पर ढोलक की थाप और औरतों के गाने की आवाजें सुनाई देने लगीं, शायद कोई उत्सव मनाया जा रहा था । झोपड़े के बाहर खटोले पर एक बूढ़ी बैठी थी ।

मैंने उससे पूछा –

“अम्मा, मेरी कार ख़राब हो गई है, धक्का लगाने के लिए अपने लड़कों को भेज देंगी ?”

“आइये बीबी जी, बड़े संयोग से आपके पाँव हमारे झोपड़े में पड़े हैं, बैठिये ।” चहकते हुए बूढ़ी ने एक छोटी सी चौकी की ओर इशारा किया ।

“अम्मा ! कोई मदद मिल सकती है कि नहीं ?” मेरी झुंझलाहट और बढ़ गई ।

“अरे बीबी जी ! लीजिये पहले मुँह तो मीठा कीजिये !“

अब मुझे उसपर क्रोध आने लगा, मैं वापस हाइवे की ओर जाने के लिए मुड़ने लगी तो
उसने हाथ के इशारे से रोकते हुए आवाज़ दी ।

“ओ संतोषी ! सड़क पर बीबी जी की कार खराब हो गई है, जा जाकर ठीक कर दे और
धक्का मारने के लिए पिंकी, पूजा को भी लेती जाना !“

“अच्छा अम्मा !” झोपड़े के अंदर से आवाज़ आई ।

मैं हतप्रभ सी कभी उसे कभी झोपड़े से निकल कर आती हुई उन तीनों युवतियों को देखने लगी ।

“अरे बीबी जी आप चिंता न करो, ये मेरी बहू बहुत अच्छी मैकेनिक है । ब्याह कर आते ही मैंने बेटे से कहकर इसे भी मैकेनिक का काम सिखवा दिया था, अब ये उससे भी ज्यादा होशियार हो गई है ।“

“अच्छा, ये तो बहुत अच्छी बात है !!!” मैंने आश्चर्य से उसे देखा ।

“आज मेरी पोती का जन्मदिन है इसलिए ये काम पर नहीं गई और पिंकी, पूजा मेरी बेटियाँ हैं जो ससुराल से आई हैं, शाम को पार्टी है ना ।“ उसने पोपले मुंह पर मुस्कराहट बिखेरते हुए कहा ।

न जाने क्या था उसकी मुस्कराहट में जिसने मेरे मन के सरोवर में उग आई जलकुम्भियों को उखाड़ फेंका था । अब मुझे अस्पताल पहुँचने की जल्दी थी, बहू के साथ मिलकर पार्टी का मेन्यू जो तैयार करना था ।

शुक्रवार, 31 जुलाई 2015

‘प्रतिदान’ : लघुकथा

उमस इतनी थी कि थोड़ी दूर चलते ही मैं पसीने से तर-बतर हो गई । रिक्शे के लिए मैंने इधर-उधर नज़र दौड़ाई, तभी सामने से एक रिक्शावाला आता दिखा । पास आने पर रुकते हुए उसने मेरी तरफ प्रश्नवाचक दृष्टि से देखा ।
“नाके तक जाना है, कितना लोगे ?“
“पचास रुपये ।“
“क्या !!! तीस होते हैं !!!“ कहकर मैं आगे बढ़ने लगी ।
“ठीक है चालीस दे देना ।“ अंगोछे से मुंह का पसीना पोछते हुए वह बोला ।
“न, तीस !!!“
“अच्छा बैठो ।“
रिक्शे पर बैठने पर मैंने राहत की साँस ली । चलते हुए रिक्शे पर मंद-मंद लगने वाली हवा के झोंको का आनंद लेते हुए मैंने आँखें बंद कर लीं । तभी रिक्शेवाले की कमीज़ से पसीने की बदबू का भयंकर भभका मेरे नथुनों से टकराया, मैंने नाक को रूमाल से ढक लिया । अब रिक्शे पर बैठना दूभर हो रहा था, मैं गंतव्य का बेसब्री से इंतज़ार करने लगी ।
“रात होने लगी तो लगा कि आज कोई सवारी नहीं मिलेगी ।“ पैडल मारते हुए वह बोला।
“लगता है तुम इस शहर में नए हो ?”
“जी हाँ ।”
“हम्म, तभी इस पौश इलाक़े में सवारी ढूंढ रहे हो ?“
“भला हो ऊपर वाले का, जो आपको भेज दिया, वर्ना आज भूख से मर जाता, सुबह से पेट में कुछ नहीं गया है ।“
थोड़ी देर में नाका आ गया । उतर कर मैंने उसकी तरफ पचास रूपए बढ़ाए ।
“बहन जी, टूटे नहीं हैं ?” उसने परेशान होकर पूछा ।
“पूरे रख लो ।“
उसने अचरज से मेरी ओर देखा, फिर रूपये लेकर पहले रिक्शे के हैंडिल से फिर माथे से लगाते हुए पूछा –
“बहन जी, आपको वापस घर भी तो जाना होगा न ?”
“हाँ, पर....क्यों ?” मैं हैरत से उसे देखने लगी ।
“मैं उस सामने वाले ढाबे पर खाना खा रहा हूँ, जब आप लौटेंगी तो आपको वापस घर पहुंचा दूंगा, इसी पैसे में ।”

रविवार, 5 अप्रैल 2015

'महत्वाकांक्षा'

बुलंदियों पर पहुँचने के जुनून में, उसके क़दम जल्दी-जल्दी आकाश में लगी सीढ़ी पर बढ़ते जा रहे थे । उसने देखा, मंज़िल और उसके बीच बस एक क़दम की दूरी बची है । जैसे ही उसने अपना पाँव अंतिम सोपान पर रखा, तो देखा मंज़िल अंगारों सी दहक रही थी । वह घबरा गया और वापस उतरने के लिए मुड़ा तो सोपानों को देख उसके मुँह से भयंकर चीख निकल गयी, पाँव फिसला और उसकी आँखें खुल गयीं । वह एक भयानक स्वप्न की गिरफ्त से तो बाहर आ गया था किंतु, सोपानों में उभरे वो रक्तरंजित चेहरे अब भी उसकी रूह को कँपा रहे थे, जिनमें से एक चेहरा उसका खुद का था ।
 

सोमवार, 23 मार्च 2015

‘फ़रिश्ता’

एक तो सड़ी गर्मी ऊपर से जाम में फंसी बस, सामने की सीट पर औरत की गोद में बच्चा दहाड़ें मार रहा था । उसकी बगल में बैठा आदमी बच्चे को गोद में लेकर कभी चुटकी बजा, कभी मोबाईल बजा, तो कभी उछाल कर फुसलाने की भरसक कोशिश कर रहा था । यह प्रक्रिया काफ़ी देर से चल रही थी इसलिए यात्रियों का भी ध्यान केंद्रित किए हुए थी, परेशान होकर उस आदमी ने बाहर झांका और बस से नीचे उतर गया, किसी तरह से वाहनों कूदते-फांदते थोड़ी देर बाद दूध लेकर लौटा ।

धीरे-धीरे जाम छंटने लगा बस ने भी रफ़्तार पकड़ ली थी । थोड़ी देर बाद वह आदमी उठकर गेट पर आया उसकी शर्ट की एक बांह और पैंट गीली थी, उसने इशारे से बस रुकवाई और अपना बैग लेकर नीचे उतर गया बस फिर चल पड़ी, यात्रियों की नज़रें एक दूसरे से टकराईं जिसमें हर्षान्वित आश्चर्य था । बच्चा खिड़की पकड़ खड़ा किलकारी मार रहा था ।


रविवार, 1 मार्च 2015

‘अर्जुन का अंगूठा’

एक नन्हा कबूतर  जिसे अभी ठीक से उड़ना नहीं आता था, भटक कर एक बाग़ में पहुँच गया । वहाँ उसने देखा कि एक हंस अन्य पक्षियों को उड़ने के गुर सिखा रहा है। कबूतर ने भी आग्रह किया और उड़ना सीखने लगा । धीरे-धीरे कबूतर ऊँचे-ऊँचे पेड़ों तक उड़ान भरने लगा , ये देख हंस को उस पर बहुत गर्व होता था। बाग़ में एक बहुत ऊँचा वृक्ष था जिसके शीर्ष पर नन्हें फूल खिले थे जो कभी झड़ते नहीं थे। एक दिन हंस ने एक प्रतियोगिता रखी कि जो उन फूलों को तोड़कर लायेगा वह विजयी होगा। सभी पक्षियों ने उड़ानें भरीं परन्तु कोई भी शीर्ष तक नहीं पहुँच सका तभी हंस ने देखा कि नन्हा कबूतर अपनी चोंच में फूल लेकर सामने खड़ा है। यह देखकर हंस को अत्यंत प्रसन्नता हुई और हैरानी भी क्योंकि अभी तक सिर्फ वही उन फूलों को छू पाया था।
कुछ दिन बीतने पर हंस ने सभी पक्षियों की परीक्षा लेने की सोची। पास ही एक पहाड़ी थी जिसकी चोटी पर अद्भुत फल लगे थे, उसने सभी पक्षियों से कहा कि जो उस पहाड़ी से फल तोड़कर लाएगा वो इस परीक्षा में उत्तीर्ण माना जायेगा और उसे ही सर्वश्रेष्ठ उड़ाका का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रातः सभी पक्षी उड़े किंतु पहाड़ी की चोटी इतनी ऊँची थी कि बेचारे थक कर वापस आ गए, धीरे-धीरे शाम होने लगी सबने देखा वो कबूतर अभी तक वापस नहीं लौटा था, पक्षियों को चिंता होने लगी किंतु हंस के मुख पर अपूर्व संतोष झलक रहा था, उस पहाड़ी के फल ज़हरीले थे।