सोमवार, 18 अप्रैल 2022

जुगलबंदी :

गली में बसा एक अलहदा सा नुक्कड़। जिसके एक ओर लाला की सट्टी और उसके ठीक सामने हकीम सैफ़ू मियाँ का दवाखाना।

बस यूँ समझ लीजिये जैसे चाय में अदरक और इलायची।
सुबह जैसे ही लाला की भट्ठी सुलगती ठीक उसी समय सुनाई देता हकीम सैफ़ू मियाँ का यह प्रभाती जुमला।
"लाहौल विला कुव्वत!...इस लाला की पकौड़ियों ने तो सारे शहर का हाजमा बिगाड़ रखा है। मनहूस के बदबूदार धुएँ से न मालूम कब निजात मिलेगी...या अल्लाह!"
"मियाँ, पकौड़ियों से तो बस हाजमा ही बिगड़ेगा लेकिन तुम्हारी इन आदम जमाने की दवाओं से तो सारा शहर ही सिधार जाए, राम-राम!"
इसके साथ ही शुरू हो जाती है नुक्कड़ की राग भैरवी।
देखते-देखते एक तरफ सैफू मियाँ और दूसरी तरफ लाला का पक्ष लेने वाले नुक्कड़ के दूसरे बाशिंदों के बीच मुकाबला आरंभ हो जाता। जिसे सुन लाला की पकौड़ियाँ मस्त हो तेल में थिरकती जातीं।
इधर बीच हुआ यह कि दो-चार रोज से सैफ़ू मियाँ का दवाखाना नहीं खुला।
आज जब शीबू चाय का ग्लास भर रहा था तो लाला ने आदतन अपनी निगाही चिड़िया हकीम के दवाखाने की ओर उड़ाते हुए पूछा,
"क्या बात है आज भी हकीम मियाँ नहीं आए?"
"का पता...जाड़ा आ रहा है...बूढ़ी हड्डियाँ हैं...का जाने ठंडी पड़ गई हों..."
"क्या कहता है!..तेरा दिमाग़ तो ठिकाने में है!"
"काहे? हकीम मियाँ तुम्हारे रिस्ते में हैं का?" शिबू आँख मारते हुए दुकानदारों को चाय पहुँचाने निकल लिया।
"लाला, आजकल पकौड़ियों में वो वाली बात नहीं
रही।" पुस्तक भंडार वाले मिश्रा जी ने प्लेट सरकाते हुए उलाहना दी।
"जब से मियाँ का दवाखाना बंद है, लाला की पकौड़ियाँ बीमार हो गई हैं।" शीबू ने शिगूफा छोड़ा।
"बीमार होएँ मेरे दुश्मन...चल भाग यहाँ से!" लाला ने झुंझलाहट में पकौड़ियों के घोल में मिर्च का पैकेट उलट दिया।
लाला का चेहरा ऐसा दिख रहा था जैसे किसी की मातमपुर्सी से लौटे हों। उन्होंने दुकान जल्दी बढ़ा दी और साइकिल उठा कर घर की ओर चल दिए।
कुछ ही देर में वे एक गली में थे। साइकिल खड़ी कर चोर निगाहों से इधर-उधर देखा। सामने एक पुरानी सी खोली थी। लाला ने दरवाजे पर हौले से दस्तक दी।
"चले आओ..." अंदर से धीमी-सी, बीमार, कफ़युक्त आवाज़ आई।
खोली का दरवाज़ा भिड़ा हुआ था। लाला अंदर दाखिल हो गए।
"क्या मियाँ... जिंदा तो हो..."
"अमां लाला तुम हो!... अच्छा! तो ये देखने आए हो कि बुड्ढे में अभी दम बचा है या नहीं ..."खाट पर लेटे-लेटे सैफ़ू मियाँ ने जुमला कसा, "घबराओ मत लाला!...बिना तुम्हें बरबाद किए इस बूढ़े को जन्नत नसीब न होने वाली..."
यह कहते हुए सैफ़ू मिया अपने हाथ बढ़ाने को हुए कि लाला ने लपककर उनकी हथेलियाँ अपनी हथेलियों में दबोच लीं।
"मियाँ, बरबाद होवें हमारे दुश्मन!" फिर दोनों ठठाकर हँस दिए।
कुछ दिनों बाद नुक्कड़ इन दोनों के आलाप से फिर गुंजायमान हो उठा।

शुक्रवार, 2 जुलाई 2021

कलयुग की महिमा

रवि ने जैसे ही आलमारी बंद की तो अंदर से फुसफुसाहट सुनाई दी, “य..यह किसकी दस्तक है? कौन हो सकता है?” 


"कोई हमारी जगह लेने आ रहा है क्या!” अंदर से एक दूसरी आवाज़ आई।

“हुँह! किसकी मजाल है जो हमारी जगह ले?” पहली आवाज़ ठुनक कर बोली।

“शायद तुम भूल रही हो, तुमने भी तो आते ही मुझे एक तरफ सरका दिया था!” दूसरी ने ताना मारा।

“हाँआँ तो उस समय तुम अकेली थी!” पहली ने सफाई दी।

“क्या कहा, अकेली...यहाँ तुम दोनों से पहले मैं आई थी!”  कोने में दुबकी खाँसती खखारती तीसरी आवाज़ आई।

“हह, पुरनियों का आगे-आगे कूदना शोभा देता है क्या!” पहली आवाज़ ने टोका।

“अँहँह! यहाँ कितनी बास भरी है!” एक नई आवाज़ ने मुँह बिचकाते हुए कहा जिसने अभी-अभी प्रवेश किया था।

“हाँ, पुरानी सीलन भरी, मुझे तो उबकाई आ रही है!” साथ ही दूसरी नई आवाज भी बोल उठी।

“कहीं इन दोनो का इशारा हमारी तरफ तो नहीं!” पुरानी आवाजें खुसपुसाईं, “सही कहती हैं ये नवेलियाँ! हम बीए , एम्मए,  पीएचडी की डिग्रियों से अब बास ही तो आएगी!”

“त तुम लोग कौन हो?” तीनों ने सहमकर पूछा।

“हम महँगी, हाइटेक डिग्रियाँ हैं! हम इस रवि की बेरोजगारी मिटाने आई हैं!” दोनों नई आवाजें कड़कड़ाते हुए बोलीं।

“आओ बहना आओ,  तुम दोनों भी बिस्तर जमा लो, आखिर सपने देखने का टैक्स थोड़े ही लगता है!" तीनों कोने में दुबकते हुए बोलीं।

अचानक रवि की तंद्रा टूटी। लैपटॉप पर इमेल खुला पड़ा था। कंपनी से रिजेक्शन का। जहाँ उसने नौकरी के लिए आवेदन किया था।

वह थकी उँगलियों से किसी दूसरी कंपनी के लिए आवेदन पत्र टाइप करने लगा।
कमरे में सन्नाटा पसरा था। उसे लगा जैसे आलमारी में पड़ी उसकी डिग्रियाँ भी थक कर शांत हो गई हैं।

रविवार, 30 मई 2021

सुराज

राजा सूर्यप्रताप के शासन का डंका स्वर्ग तक गूँजने लगा तो देवताओं ने प्रभु से राजा सूर्यप्रताप के शासन पर अंकुश लगाने की प्रार्थना की। प्रभु ने आश्वासन दिया कि वे स्वयं इसकी जाँच करेंगे। वे अपने एक गण को लेकर राजा सूर्यप्रताप के राज्य की ओर चल दिए।

वहाँ  उन्होंने देखा कि कुछ लोग युद्ध के नगाड़े बजा रहे हैं।  कुछ लोग मदिरा और रास-रंग में लिप्त हैं और कुछ लोग अपने खेतों के किनारे बैठकर रस्सियाँ बट रहे हैं। 

अब प्रभु का धैर्य जाता रहा। उन्होंने तुरंत अपने गण को वास्तविकता का पता लगाने के लिए वापस भेजा।

गण के वापस आते ही प्रभु ने अविलंब प्रश्नों की झड़ी लगा दी।

“वे लोग कौन थे, जो बिना युद्ध के नगाड़े बजा रहे थे?”

“सैनिक थे प्रभु!”

“और वे, जो मदिरा और रास-रंग में लिप्त थे?

“वे चौकीदार थे प्रभु।”

“अर्थात्!”

“प्रभु, नगाड़ों की गूँज से प्रजा हरदम आतंकित और चौकन्नी रहती है इसलिए चौकीदारों का काम प्रजा स्वयं कर देती है। इससे उनके पास समय ही समय रहता है, जिसे वे रास-रंग में व्यतीत करते हैं।

“और जो इतनी सारी रस्सियाँ बट रहे थे वे कौन थे?

“वे किसान थे प्रभु!”

“अर्थात्!”

“मदिरा और रास-रंग की आपूर्ति के बदले चौकीदारों ने व्यापारियों को खेतों का मालिक बना दिया।”

“आगे कहो!”

“और प्रभु, वे किसान अपनी इहलीला समाप्त करने के लिए रस्सियाँ बट रहे थे।“

“अर्थात्, वास्तव में राजा सूर्यप्रताप दीर्घ शासन के योग्य हैं।“


शनिवार, 17 अक्टूबर 2020

एलेक्सा , एक रोबोट कथा :

"मम्मा! मेरा ब्रेकफ़ास्ट दो ना प्लीज़!"

"बेटा टेबल पर लगा है!"

"एलेक्सा! प्ले डांस म्यूजिक!" 

'ओके...नाच मेरी जान, फटा-फट फट...'


"अपर्णा, सुनती हो, एक कप और  गरमागरम चाय मिल जाती तो मज़ा आ जाता!"

"आपकी चाय टेबल पर पहले से रख दी है!"

"एलेक्सा! ओपेन टुडेज़ न्यूज़!" 

'ओके...आज पूरे देश में नवरात्र पवित्रता के साथ मनाया जा रहा है...गैंगरेप के बाद उन्होंने उस लड़की को जला दिया..'


"बहू, मेरे लिए अदरक-तुलसी का काढ़ा बनाया या नहीं, आज दुर्गा सप्तशती का पाठ लंबा चलेगा!"

"माँ जी, आपका काढ़ा सामने तिपाई पर रखा है, देखिए!" 

"एलेक्सा! प्ले भक्ति संगीत!"

'ओके...या देवी सर्वभूतेषु दुर्गा रूपेण संस्थिता...'


"मम्मा तौलिया!"

"सुनों, मेरी टाई नहीं मिल रही!"

"बहू, दीपक के लिए घी देना!"

"मम्मा?"

"अपर्णा?"

"बहू?"

"एलेक्सा?"

"एलेक्सा?" 

"एलेक्सा?"

"लगता है सिग्नल नहीं आ रहा है!"

"कैसे आएगा, मैंने पावर स्विचऑफ जो कर दिया है।"

"क्यों दादू?"

"क्यों पापा?"

"क्यों जी?" 

"क्यों? जब मेरी बहू सुबह से बिना खाए-पिए तुम लोगों के लिए काम कर सकती है तो तुम्हारी ऐलेक्सा बिना पावर के क्यों नहीं काम कर सकती? 


(नवरात्र की शुभकामनाएँ!)

अर्चना तिवारी 

मौलिक एवं अप्रकाशित 

सोमवार, 5 अक्टूबर 2020

तख्त पलट : लघुकथा

जगन, छगन, गगन। मध्यावकाश की घंटी बजी नहीं कि इनकी गेंद तड़ी चालू।

"जगन हमें दे! जगन हमें दे!"

चूँकि गेंद जगन की है तो वह जिसको चाहता पहली चाल उसी की होती। ऐसे में छगन नंबर मार जाता। यह कमाल उसकी जेब का है। जो कभी अंबियों, तो कभी जामुनों से फूली रहती है। 

"ओ छगन, एक अंबी दे ना!" 

भाव तय था। एक अंबी या तीन जामुनों पर एक चाल।

कुछ गेंद की आस में तो खड़े रहते लेकिन जामुन देखकर स्वाद हावी हो जाता। इस तरह से वे अपनी चाल भी छगन को दे देते। 

"छगन हमें भी! छगन हमें भी!"

कभी-कभी तो लगता है कि गेंद का मालिक जगन नहीं छगन है। 

और गगन,  जिसे न अंबियों की चाहत है न जामुन की। वह तो बस अपनी चाल की प्रतीक्षा में गेंद को टुकुर-टुकुर देखता रहता है। कभी चाल मिलती भी है तो मध्यावकाश समाप्त की घंटी बज जाती है। 

अधिकांशतः वह सूखी टहनियों से अकेले ही खेलता रहता है।

आज मौसम बदला-बदला दिख रहा है और आठवाँ आश्चर्य भी दिखा। आज मध्यावकाश में गेंद तड़ी नहीं खेली जा रही है! जगन गुमसुम-सा दिख रहा है। छगन की जेब भी पोपट-सी दिख रही है। अब हर मौसम में अंबियाँ और जामुन तो फलने से रहे। 

बल्कि आज तो गगन रानी मधुमक्खी बना बच्चों से घिरा हुआ दिख रहा है। 

"कैसे बनाई, हमें भी बनाना सिखा ना!" ऐसी कई आवाज़ें उसके इर्द-गिर्द से आ रही हैं।

गगन के हाथ में एक गेंद दिख रही है। आखिर बच्चे कहाँ बैठनेवाले। गेंद तड़ी फिर चालू।

गुरुवार, 10 सितंबर 2020

मिन्नी की बात :

सुनो! पता नहीं, क्या हो गया है सबको! कोई किसी से बात ही नहीं करता। सब मोबाइल में लगे हैं। मम्मी-पापा-दीदी, सब के सब।
जानती हो, आज तो मुझे भी मोबाइल पर पढ़ाया गया। बहुत मज़ा आया। अरे, तुमको तो पता ही नहीं, वाट्सएप पर मेरी कक्षा का ग्रुप बना है। मैडम की आवाज़ सुनी, दोस्तों की भी आवाज़ सुनी। पर मैं अपनी आवाज़ उनको नहीं सुना सकी, वो दीदी ने मोबाइल ले लिया, उनकी बड़ी कक्षा है ना।
दीदी मम्मी पर गुस्सा कर रही थी, उनका मोबाइल मम्मी ने ले लिया था। मम्मी को पढ़ाना होता है ना। मम्मी का मोबाइल अटक गया है।
पापा अपना मोबाइल मम्मी को दे गए हैं। इसलिए आज थोड़ी देर के लिए मुझे भी अपनी मैडम की आवाज़ सुनने को मिली। मैडम ने काम दिया था, पहले शायद। पर मुझे दिखा नहीं। इतने सारे मैसेज में पता ही नहीं चलता कि काम कब मिला?
दीदी बहुत उदास है। आज उनका टेस्ट छूट गया। मोबाइल का डेटा खतम हो गया था ना। पापा रात देर से आए। मम्मी बच्चों का टेस्ट ले रही थीं। जब उन्होंने दीदी को अपना मोबाइल दिया तबतक टेस्ट खतम हो गया था। ग्रुप पर दीदी का नाम टेस्ट न देने वाले बच्चों के साथ लिखा था। पापा ने कहा जाने दो, लेकिन दीदी ने खाना नहीं खाया।
मम्मी परेशान हैं। उनको पढ़ाना जो है। उनका वीडियो अपलोड नहीं हो रहा है। पापा ने खाना बनाया है। दाल में नमक जादा हो गया। दीदी ने थोड़ी देर के लिए मुझे अपना मोबाइल दिया था। मेरा नाम मैडम ने लिया था। मुझे अच्छा लगा। लेकिन वे टेस्ट में मेरा नंबर काट लेंगी। पर मैं तो किताब पढ़ती हूँ?
पापा को बुखार है। वे काम पर गए हैं। मम्मी वीडियो रिकॉर्ड कर रही हैं। उनकी आवाज़ बार-बार अटक जा रही है। शायद उनको रोना आ रहा है। दीदी ने मैगी बनाई है। मैंने उनसे मोबाइल माँगा लेकिन उनको शाम तक काम करके भेजना है। नहीं तो मैडम उनका नाम ग्रुप में फिर लिख देंगी। पिछले साल दीदी फस्ट आई थी। उसको स्कूल में इनाम मिला था।
दीदी को बुखार है। रात देर तक काम करके भेज रही थी। पापा उनका नया चश्मा ले आए। थोड़ी देर के लिए मुझे उनका मोबाइल मिल गया था। मैंने अपनी नई पेंटिंग ग्रुप में भेजी थी। कुछ बच्चों ने मेरे नाम के साथ लूज़र वाला स्माइली लगा दिया था। मैडम ने काम जमा न करने वाले बच्चों के नाम लिखे थे। मेरा नाम भी लिखा था। लेकिन उन्होंने मेरी पेंटिंग नहीं देखी।
स्कूल से मैसेज आया है। मम्मी ने कहा कि इस साल केवल दीदी पढ़ेगी। उनका बोर्ड है। मेरा नाम कट गया है। अब मुझे अपना ग्रुप भी नहीं दिख रहा है। दीदी रो रही है। उसकी होमवर्क की फ़ाइल फोन में नहीं मिल रही है। आज मैडम ने माँगा है। पापा भी ढूँढ़ रहे हैं। वे कह रहे हैं कि फोन की मेमोरी कम है।
डायरी तुम अच्छी हो। मैंने तुम्हारी पेंटिंग बनाई है। तुम देखोगी ना?
-अर्चना तिवारी
Image may contain: drawing

शनिवार, 27 जून 2020

खारे दिन

वह तिराहे के एक किनारे खड़ा था। सिर पर अंगोछा लपेटे। जिसका एक सिरा नाक-मुँह से होता हुआ कान तक जाकर गायब हो गया था। कुछ भी नाम हो सकता है उसका किन्तु चेहरे के नाम पर एक जोड़ी आँखें थीं, जो सड़क पर सर्राटे से जाती गाड़ियों को टुकुर-टुकुर ताक रही थीं। पास में एक रिक्शा खड़ा था। रिक्शे और उसमें यह तुलना करना कठिन था कि दोनों में से कौन अधिक जर्जर है।

उसके सामने से जाते ई-रिक्शे टाई-कोट पहने साहब से प्रतीत हो रहे थे। सड़क पर जो भी सवारियाँ आती थीं सरसराती हुई साँप की भांति उसमें घुस जाती थीं, जैसे कि कोई बिल हो।

रिज़वान उनको निरीह सा देखता रह जाता। हाँ, ‘रिज़वान’ रिक्शे के पीछे यही नाम पेंट था।

एक युवती वहाँ अवतरित हुई। उसका चेहरा भी काले चश्में और दुपट्टे से चाकचौबंद था। उसकी गर्दन का इधर-उधर हिलना बता रहा था कि वह कुछ तलाश रही है।

“बिटिया किधर जाएँगी?” रिज़वान ने अंगोछा मुँह से सरकाते हुए पूछा।

“दादा मुझे ई-रिक्शे से जाना है।“ दुपट्टे के बंधन से युवती का मुख हिला।

रिज़वान रिक्शा लेकर निकट आ गया। उसने रिक्शे के पीछे खोंसी एक बोतल को खोलकर पानीनुमा द्रव एक कपड़े पर उलीच लिया और शीघ्रता से रिक्शे की गद्दी पोछने लगा।

“बिटिया हमने सब सनेट कर दिया है देखिए।“

“सेनेटाइज़!” युवती ने सुधारा।

“हाँ हाँ बिटिया जी वही।“

“लेकिन ये तो सेनेटाइज़र नहीं लग रहा है?”

“बिटिया, हम पूछे रहे मेडिकल में, सौ रुपिया का रहा, उधार देवै के तइयार नहीं हुए।“

“तो ये पानी है?”

“हह हाँ बिटिया पानी तो है लेकिन हम नमक डाले हैं इसमें। हमरी नतिनी कहीं सुन के आई थीं, वही बताईं कि पानी में नमक डालने से सब सनेट हो जाता है।“

“अरे दादा, सेनेटाइज़ बोलिए!”

“हाँ बिटिया जी वही, सब कर दिया है, आइए बैठिए।“

“लेकिन दादा, इससे सेनेटाइज़ नहीं होता है।“

“अ अ बिटिया जी...” रिज़वान की आवाज़ घिघियाने लगी।

उसी क्षण चील की भांति एक ई-रिक्शा युवती के निकट आया।

ई-रिक्शेवाले ने रिक्शे की गद्दी और आजू-बाजू पर फर्र-फर्र स्प्रे की फुहार की। युवती ने पर्स से एक शीशी निकाली। उसमें से द्रव की बूँदें हथेलियों पर गिराईं। दोनों हथेलियों को आपस में रगड़ते हुए ई-रिक्शे में समा गई।

रिज़वान दूर तक ई-रिक्शे को जाता देखता रहा। उसके चेहरे के दो गोलों से कुछ बूँदें टपक कर जाने कहाँ गुम हो गईं।

शनिवार, 23 मई 2020

बेगाने

बाग़ के मालिक ने ढेला उठा कर वृक्ष की टहनियों पर दे मारा। चह-चह करते पंछी उड़ चले।

फुटपाथ पर बैठा नजफ़ भावशून्य आँखों से आसमान में उन्हें दूर तक जाते हुए देखता रहा।

“कहाँ गए होंगे? अपने-अपने बसेरों पर शायद?” नजफ़ की होठों की सूखी पपड़ाई पत्तियाँ थरथरा उठीं।

“न...जाएँगे कहाँ, बसेरे तो यहीं हैं उनके भी।“ साथ बैठा बिशनू मुँह पर अंगोछा फेरते हुए बोल पड़ा।

“पर लौटकर आएँगे क्या?...मालिक के ढेलों का भय...शायद न भी आएँ। और क्या पता कि उनके बसेरे यहाँ पर हों ही न।“ नजफ़ अभी भी आसमान को निहारे जा रहा था।

“पंछियों का क्या है, जहाँ चुगने को मिल जाए बसेरे वहीँ बना लेते हैं।“

“ठीक कहते हो बिशनू बिना दानों के बसेरों का भी क्या अर्थ।“ कहते हुए कहीं खो गया नजफ़।

“वो देखो इमारतों के बारजों से कितने हाथ निकल आए हैं इनको चुगाने के लिए।“ कहते हुए बिशनू पानी की मुड़ी-तुड़ी बोतल का ढक्कन खोलने लगा।

“चलो..कम से कम ये हाथ तो ढेले नहीं मारेंगे ना!” नजफ़ के पपड़ाए होठों के फैलने से खून रिस आया।

“क्या पता...अभी तो सेवा भाव दिख रहा है इनमें।“ बोतल से बचे पानी की बूँदें मुँह में झारते हुए बिशनू बोला।

”अभी तो का क्या मतलब?...तो क्या ये हाथ भी...?”

“नरेसा बता रहा था कि मालिक दोबारा बुलाए हैं सबको, कहते हैं कि घर जाओगे तो...!” आगे के शब्द गले में ही घुट गए बिशनू के। उसने दाँतों के बीच दोनों होठों को जोर से दबा लिया। 

“तो...रुकोगे क्या, पता नहीं यह बेमारी कब तक...?”

नजफ़ की बात का जवाब दिए बिना बिशनू उठा और एक ढेला लेकर पूरी ताकत से उछाल दिया बारजों की ओर।

पंछी चह-चह कर उड़ चले...दूर...



शनिवार, 28 सितंबर 2019

पहचान : लघु कहानी

मुझे बहुत अच्छे लगते हैं प्रशांत भैया।
जब भी सोनी बुआ के आने की खबर लगती तो मैं पूरे घर में फिरकी सी नाचने लगती। जुबान यह पूछ-पूछ कर हलकान कर लेती कि
"बुआ की ट्रेन कब आएगी।"
"ये बुआ हमेशा हमारे स्कूल जाने के बाद ही क्यों आती हैं?"

सुबह साढ़े छह बजे स्कूल वैन यमदूत की तरह द्वार पर आ धमकती। स्कूल में तो समय जैसे रुक ही जाता था। दिनभर ख्याल घर पर टंगा रहता।

घर आने पर नज़रें प्रशांत भैया को खोजतीं। साथ मन में धुक-धुकी भी लगी रहती कि कहीं ऐसा न हो कि भैया आए ही न हों पर जैसे ही भैया दिखते मेरी आँखें फुलझड़ी हो जातीं। हम दोनों साथ-साथ खूब घर-घरौंदा खेलते।

इस बार न जाने क्यों बुआ बहुत उदास थीं।
पिता जी उनको समझा रहे थे। "अब ज़माना बदल गया है छोटी, चिंता मत कर, सब ठीक हो जाएगा! प्रशांत को यहीं छोड़ जा!"

यह सुनते ही मुझे ऐसा लगा जैसे चालीस चोरों का खजाना हाथ लग गया हो। बुआ जाते समय प्रशांत भैया को कुछ समझा रही थीं। वे सिर हिलाते हुए उनकी साड़ी के पल्लू से खेल रहे थे।

बुआ चली गईं। उनके जाने के बाद मुझे जितनी खुशी हुई उससे कहीं अधिक सिर पर चिंता सवार थी। मैं पिता जी से बार-बार पूछती।
"प्रशांत भैया अब हमेशा हमारे साथ रहेंगे ना?" "अगर बुआ लेने आ गयीं तो?"
"अगर आ गईं तो अबकी तुझे भेज देंगे उनके साथ!" चश्में के ऊपर से झाँकती उनकी शरारती आँखें देख मैं ठुनकने लगती तो वे जोर से हँसते। फिर संजीदगी से कहते, "जा प्रशांत को अपने साथ ले जा खेलने!"

यूँ तो मंदिर जाना, पूजा करना मुझे कभी भी भाता नहीं था लेकिन प्रशांत भैया के लिए स्कूल वैन में आते-जाते हर छोटे-बड़े मंदिर को देख बुदबुदाती जाती, "हे भगवान, बुआ कभी भैया को न ले जाएँ! भैया हमारे साथ रहें!"

घर में एक मास्टर जी आने लगे थे। भैया को पढ़ाने के लिए। वे मुझे ज़रा भी अच्छे नहीं लगते थे। वे भैया को जाने क्या-क्या कहते थे। उस समय मैं उन्हें समझ नहीं पायी थी। शायद भैया समझते थे। तभी तो उनकी गोल-गोल आँखें डूबते सूरज सी हो जाती थीं। पर उनको रोते नहीं देखा था। वे हमेशा चुप रहते थे।

कुछ दिन बाद पिता जी ने मास्टर जी को हटा दिया। भैया मेरे साथ स्कूल जाने लगे। अब वे काफी खुश दिखने लगे थे।

वे सबसे अधिक खुश तब होते थे जब वे जीने पर बैठ कर अपनी ड्राइंग की काॅपी में कुछ बनाया करते थे। मैंने कई बार देखने का प्रयास किया लेकिन वे उसे झट से बंद कर देते थे।

उस दिन भी भैया जीने पर बैठे अपनी ड्राइंग की काॅपी में कुछ बना रहे थे। लेकिन इस बार मुझे आता देख उन्होंने अपनी काॅपी बंद नहीं की बल्कि वे मेरी ओर देख कर मुस्कुराए भी। मैं भी उनके करीब जाकर जीने पर बैठ गयी।
उन्होंने अपनी काॅपी मेरी ओर बढ़ा दी। मेरी जिज्ञासा कुलाँचे मारने लगी। मैं पन्ने उलट-पलट कर उनके बनाए चित्रों को देखे जा रही थी। हर चित्र भैया के नये रूप का परिचय करवा रहा था।

मैं उनके चित्रों को देख रही थी और भैया मेरे चेहरे को पढ़ रहे थे। पहली बार उनका अबोला टूटा था।

"अनु मेरे चित्र कैसे लगे?"
पहली बार भैया की आवाज़ सुन रही थी। उनकी आवाज़ ने मेरे अंदर उमड़ रहे बहुत से प्रश्नों का जवाब दे दिया था साथ ही बुआ जी की उदासी का सबब भी समझ आ गया। उस दिन लगा जैसे मैं भैया को अच्छी तरह से जान गयी हूँ।

धीरे-धीरे समय भी उनको तवज्जो देने लगा था।
भैया ने एक टेस्ट दिया था जिसका परिणाम आने पर वे बहुत खुश थे। वे दिल्ली चले गए।
पढ़ाई खत्म कर मैं भी विद्यालय में पढ़ाने लगी।

आज प्रशांत भैया का एक ईमेल आया है। उन्होंने लिखा है कि अगले हफ़्ते उनकी डिज़ाइन की हुई फीमेल ड्रेसेज़ का फैशन शो है। ईमेल में भैया की अपनी कुछ तस्वीरें भी हैं। जिसमें स्त्रियों की भिन्न-भिन्न वेशभूषा में प्रशांत भैया बहुत आत्मविश्वास से भरे, खिले-खिले दिख रहे थे, जैसे उस दिन उनकी ड्राइंग की काॅपी में बने चित्रों में एक लड़का ऐसी ही भिन्न-भिन्न वेशभूषा में नज़र आ रहा था...बिंदास!... बेमिसाल!... जिसने अब अपनी पहचान बना ली थी।

रविवार, 15 सितंबर 2019

गुब्बारा

चूहा इधर से गया कि उधर से। पारिवारिक नोकझोंक के लिए किसी मुद्दे की आवश्यकता होती है क्या? और फिर बात तेरी-मेरी के खाल उधेड़ तक कब पहुँच जाती है पता भी नहीं चलता। आज जब बात हद से गुजरने लगी तो हम झनकते-पटकते घर से निकल आए। अनमने से कॉलोनी के पार्क की ओर चल दिए।

पार्क में प्रवेश करते ही दायीं ओर एक बेंच दिखी। सोचा वहीँ चलकर ग़म गलत करते हैं। बेंच के निकट पहुँचे तो देखा बेंच के नीचे भैरव जी के वाहन विष्णु मुद्रा में शयनागत थे। हमें देखते ही उन्होंने डोंट डिस्टर्ब वाला नाद किया। खतरा भाँप हम फ़ौरन पार्क के वाम ओर पलट गए।

हम अगले किसी सुखासन की खोज में आगे बढ़े तो एक दूसरी बेंच पर महिलामंडल विराजमान था। टहलने वाली पट्टी पर चलते हुए हम उनके सामने से गुजरे।

“सब्जी पका कर आटा लगा दिया है, जब लेडीज़ स्पेशल सीरियल शुरू होता है तब डिनर करते हैं!’’

“हमने तो नेट फ्लिक्स ले लिया है, टीवी पर तो ये ही चिपके रहते हैं...जब देखो न्यूज़ चैनल!’’

सुनते हुए हम आगे बढ़ आए थे। वहाँ हल्का सा अँधेरा था और एक बेंच भी थी। पास पहुँचे तो देखा कि उसके बगल वाली बेंच पर आधुनिक उर्वशी और पुरुरवा आसन जमाए एक-दूसरे को पकौड़े खिला रहे हैं। हम एकांत चाहते थे इसलिए वहाँ बैठने का विचार त्याग आगे बढ़ गए।

“कोई ठरकी है...आँखें सेंकने का इरादा होगा।’’
यह पुरुरवा का उवाच था। उसमें ताल देती उर्वशी की हुहूहू करती पकौड़ा ठुँसी हँसी सुनाई दी।

पार्क का एक चक्कर पूरा हो चुका था। हम दोबारा भैरव महाराज के वाहन के निकट पहुँच चुके थे। अब उनके साथ उनकी प्रियतमा भी विहार कर रही थीं। वे हमें दोबारा वार्निंग देते उससे पहले हम वापस पलट आए। अब हम अपनी बाँहों को हिलाते हुए तेज-तेज चलने लगे ताकि लगे कि हम व्यायाम करने आए हैं।

उर्वशी और पुरुरवा का पकौड़ा कार्यक्रम समाप्त हो चुका था। मोबाइल पर कोई गीत बज रहा था। वे दोनों एक-दूसरे में खोये से बैठे थे। हम दोबारा महिलाओं वाली बेंच के निकट पहुँचने वाले थे।

“शनिवार की शाम को हम अक्सर बाहर ही खाते हैं।’’ एक महिला ने उद्घाटित किया।

“और हमारे वाले तो कहते हैं कि एक दिन तो आराम कर लेने दो...सन्डे तो कब बीत जाता है पता ही नहीं चलता।’’ लंबी उसाँस छोड़ते हुए दूसरी महिला बोली।

हमें दूसरी वाली की बात ज्यादा जँची। अब हमारे चलने की रफ़्तार बढ़ गई थी। सामने एक बेंच खाली दिखी लेकिन अब हम पूर्ण रूप से घूमने के मूड में आ चुके थे। पार्क के लगभग सात-आठ चक्कर लगाने के बाद हमने अपनी चाल मंद कर दी। चेहरे को छूती मंद-मंद पुरवाई भली लग रही थी। हम पार्क में थोड़ी देर सुस्ताना चाहते थे लेकिन अब मन जल्द से जल्द घर पहुँचना चाहता था। हम पार्क से बाहर निकलने का उपक्रम करने लगे।

और हाँ, घर से जो गुबार लेकर आए थे वह इस समय गुब्बारा बन कहीं और उड़ चला था। आपको दिखे तो पकड़िएगा मत...!

मंगलवार, 10 सितंबर 2019

नो ऑप्शन

 "आपने एडमीशन फार्म में बच्चे का धर्म नहीं लिखा?"

"जी, नहीं है।"

"क्यों, आपका कोई धर्म नहीं है क्या?"

"है, बिलकुल है। मैं सिख हूँ, पत्नी ईसाई है।"

"हाँ तो आप इस काॅलम में सिख भरिए!"

"बिलकुल नहीं!"

"क्यों?"

"क्योंकि बच्चे को धर्म के बारे में अभी कुछ पता नहीं।"

"वह बताना तो आपका फ़र्ज है।"

"जी, लेकिन एक समस्या है कि हम केवल दो ही धर्मों के बारे में उसे बता पाएँगे...बाकी के.."

"अरे भाई, बच्चे का तो वही धर्म होता है जो पिता का होता है, ऐसा ही होता आया है।"

"किन्तु मेरे पिता का धर्म सिख नहीं था।"

"ओहहो, तो क्या था?"

"पता नहीं, कभी पूछा नहीं।"

"तो वे अनाथालय से थे क्या?"

"नहीं, उनके माता-पिता पिता थे।"

"अच्छा जी, तो उनका नाम क्या था?"

"अज़रा और अमन!"

"अ बब देखिए आपको इस धर्म वाले काॅलम में कोई तो धर्म भरना ही होगा!"

"क्या ऐसा नहीं हो सकता कि यह काॅलम यूँ ही छोड़ दिया जाए?"

"नहीं सर, बिना धर्म के हमारा कम्प्यूटर एडमीशन फार्म एक्सेप्ट ही नहीं करेगा।"

"तो उस काॅलम में 'मानवता' भर दीजिए।"

"लेकिन कंप्यूटर में धर्म के काॅलम में ऐसा कोई ऑप्शन नहीं है।"

"ओह, तब तो ऐसे कम्प्यूटर को बदला जाना चाहिए!"

"सर, यह तो नामुमकिन है!  मतलब ऐसा कहाँ होता है? "

".........?"

रविवार, 8 सितंबर 2019

मोनालिसा

फ़ोटोग्राफ़ी और कहानी लिखना सोनाक्षी का सबसे पसंदीदा शौक था। यह शौक उसकी रोजी-रोटी का सहारा भी था। अक्सर उसकी निगाहें सड़कों पर कुछ तलाशती चलतीं। शायद कोई कहानी। कोई ऐसी कहानी, जो मास्टरपीस बन जाए। मोनालिसा की तरह।

कल भी वह इसी धुन में चली जा रही थी। ओवर ब्रिज के नीचे लगे नल पर कुछ बच्चे नहा रहे थे। उनकी किलकारियों ने सोनाक्षी का ध्यान आकर्षित किया। उसने अपनी एक्टिवा रोक दी। वह उनकी जल क्रीड़ाओं का आनंद लेने लगी। फिर बैग से कैमरा निकालकर वह उस दृश्य को शूट करने लगी।

शूट करते हुए उसकी नज़र एक लड़की पर पड़ी। वह बच्चों के हाथ-पैर झाँवे से रगड़ रही थी। उसके कपड़े पानी से सराबोर थे और बदन पर चिपके जा रहे थे। उसके साँवले चेहरे पर भीगी लटें बहुत मोहक लग रही थीं। वह हाथों से बार-बार उन्हें पीछे कर देती थी। सोनाक्षी ने लेंस का फ़ोकस ज़ूम कर दिया। अब लड़की के हाव-भाव कैमरे में शूट होने लगे।

फ़िल्म शूट करने की धुन में सोनाक्षी उनके निकट पहुँच गई थी। अचानक लड़की की निगाह सोनाक्षी पर पड़ी। वह थोड़ी असहज हो उठी। यह देख सोनाक्षी ने कैमरा हटा लिया।

“मोना दीदी! जल्दी आवो न... !” तभी ओवर ब्रिज के नीचे से किसी बच्‍चे ने पुकार लगाई।

“आ....रहे हैं !’’ लड़की ने जवाब दिया। और बच्चों को साथ लेकर वह ओवर ब्रिज के नीचे बनी झोपड़ियों की ओर चल दी।

थोड़ी देर सोनाक्षी उसे जाता हुआ देखती रही। प‍हले उसने सोचा उसके पीछे जाए, फिर कुछ देर पहले की घटना को याद कर एक अजीब से अपराधबोध से भर उठी।

हौले-हौले वह अपनी एक्टिवा की ओर बढ़ी और वापस चल दी।

सोनाक्षी पूरे समय उस लड़की के बारे में, उसकी असहजता के बारे में ही सोचती रही। रात भी उसने करवट बदलते काटी। जब उसने मन ही मन तय किया कि कल जाकर वह उस लड़की से माफी माँगेगी, तभी उसे नींद आई। आज दोपहर होते-होते वह फिर से ओवर ब्रिज के नीचे थी।

उसने देखा दस-बारह बच्चे ज़मीन पर बैठकर अपनी-अपनी कॉपी में कुछ लिख रहे थे। एक लड़की ओवर ब्रिज के पिलर पर कुछ लिख रही थी। जब वह पलटी तो उसका चेहरा देखकर सोनाक्षी के आश्चर्य का ठिकाना न रहा। यह तो वही लड़की है जो बच्चों को नहला रही थी।

“तुम...!”

“हाँ, हम।“ सोनाक्षी की बात पूरी होने से पहले लड़की ने जवाब दिया।

“यह सब...?” सोनाक्षी ने आश्चर्य प्रकट किया।

“हमारे बाबा सब्जी बेचते थे। बीमारी ने उनकी जान ले ली। उस समय हम आठ में पढ़ते थे। हमारी पढ़ाई छूट गई।“

“और माँ?”

“वो भी सब्जी बेचती हैं, लेकिन आजकल बीमार हैं।”

“ओह, तो फिर...?”

“दीदी, हम एक स्कूल में नर्सरी के बच्चों की कॉपी पर होमवर्क देने का काम करते हैं, और...।“

“...और फिर इन बच्चों को ट्यूशन पढ़ाती हो।”

“न ना...ट्यूशन नहीं, इनको पढ़ना-लिखना सिखाती हूँ बस यूँ ही।’’ कहते हुए लड़की का चेहरा आत्मविश्वास से चमक उठा।

आदतन सोनाक्षी का हाथ अपने कैमरे पर चला गया।

“रुको दीदी..., एक फ़ोटो बच्चों को पढ़ाते हुए।” कहकर वह खिलखिला पड़ी।

सोनाक्षी उसकी फुलझड़ी जैसी खिलखिलाहट को अपने कैमरे में कैद करते हुए बोली, "वाह! मेरी मोनालिसा..."

#विश्व_साक्षरता_दिवस

गुरुवार, 15 अगस्त 2019

फुहारें

मैं सुबह जल्दी-जल्दी स्नान कर राखी बंधवाने के लिए बैठक में आ कर छोटी बहन का बेसब्री से इंतज़ार करने लगा। हमेशा राखी बाँधने के बाद उपहार के लिए उसका आँखों को नाच-नचा कर तकरार करना मुझे बड़ा भाता था, इसीलिए मैं हमेशा उपहार छिपा देता था। आज भी उसके मनपसंद उपहार को मेज के नीचे छिपा दिया। जब काफ़ी देर हो गई और वह राखी लेकर नहीं आई तो मैंने उसे आवाज़ दी।

“छोटी !”

“भैया, छोटी तो मझले भैया के यहाँ गई है, राखी बांधने ।” छोटा भाई तैयार होते हुए बोला।

टाई बांधते हुए छोटे की कलाई पर बंधी राखी देख मुझे थोड़ी मायूसी हुई।

“ओह, हमेशा सबसे पहले मुझे राखी बांधती थी ना इसलिए मैने सोचा कि उसे आवाज़ दे दूँ ।” मैंने अपने को संयत करते हुए कहा।

“बेटा, छोटे और मझले को ऑफिस जाना है न।” माँ समझाते हुए बोली।

माँ के ये शब्द सुनकर मुझे थोड़ा आघात सा लगा। मुझे याद आया कि हां सही बात है मुझे कौन सा ऑफिस जाना है। बेरोजगारी का ख्याल आ गया। मैं अपनी सूनी कलाई को देख होठों पर फीकी सी मुस्कान लाते हुए मन ही मन बुदबुदाया

 "कुछ दिन पहले तक मुझे भी ऑफिस जाने की जल्दी रहती थी।"

मैं वापस बैठक में आकर मेज के नीचे छिपाए उपहार को उठाने के लिए झुका ही था कि तभी -

“भैया !” पीछे से छोटी की पुकार ने मुझे चौंका दिया ।

छोटी सामने खड़ी खिलखिला रही थी। मैं हक्का-बक्का मामला समझने की कोशिश करने लगा। वह अपनी गोल-गोल आँखों को नचाते हुए बोली –

“भैया, हमेशा मैं सबसे पहले आपको राखी बांधती थी न, इस बार मैंने सोचा क्यों न उलटा किया जाए। पहले छोटे भैया, फिर मंझले और फिर मेरे प्यारे बड़े भैया।’’

उसी समय माँ, मझले और छोटे भी बैठक में आ गए। छोटा बोला -
“भैया इस छोटी की बच्ची के ड्रामे ने इस बार हम सब को भी चक्कर में डाल दिया। यह मानी ही नहीं।’’

‘’लाओ अब जल्दी से अपनी कलाई आगे करो।’’ छोटी ने अपनी आंखे नचाते हुए कहा।

बैठक में गूंज रहे ठहाकों के बीच मैंने अपनी संकीर्ण सोच को जैसे-तैसे छिपाते हुए छोटी की नाक पकड़ कर जोर से हिला दिया।





सोमवार, 24 जून 2019

एलियन

“होय! एक किलो आलू देना...”

“अरे हम कब से खड़े हैं, आधा किलो भिन्डी के लिए!”

“टमाटर दोगे! या बढ़ें कहीं और से लें!”

“सबसे पहले हम आये थे, और अभी तक खड़े हैं आध किलो प्याज के लिए!”
तमाम आवाजें। कुछ झल्लाईं, कुछ खीझतीं। न जाने कहाँ से इन आवाजों को चीरती एक अलग आवाज आई। न झल्लाहट, न खीझ और न ही खिसियाहट। एकदम संतुलित।

“भाई, हमें पाव भर शिमला मिर्च और पाव भर टमाटर चाहिए!” इतना कह आवाज कान में लगे फोन पर बतियाने लगी।

“हाँ-हाँ बच्चे कुछ सामान ले रहे हैं, आते हैं...," अचानक हैरान-परेशान आवाजें कान में तब्दील होने लगीं। संतुलित आवाज ने फोन पर फिर कहा, "तुम दोनों अपना होमवर्क खतम करो तब तक !”

यह सुनते ही कान में तब्दील हुई आवाजों में आँखें भी उग आईं। अब सब उस अलग आवाज को ऊपर से नीचे घूरने लगीं। कुछ आँखें आपस में खुसर-पुसर करने लगीं, “ये तो वही है ना!”

“हाँ लग तो रहा है, लेकिन कपड़े तो हम लोगों के जैसे ही हैं!”

“और फोन में किसी बच्चे को होमवर्क करने को कहा!”

“लेकिन बच्चा और इसका?”

“भगवान जाने, कलयुग है!”

“लीजिए सुहाना जी, आपका शिमला-टमाटर!” सारी आँखें इस आवाज की ओर घूम गईं और उनके गोले प्रश्नचिह्न की मुद्रा में आ गए।

“लाओ भाई, शुक्रिया! ये अपने पैसे काट लो!” कहते हुए संतुलित आवाज ने कनखियों से प्रश्नचिह्न दागते आँखों के गोलों की ओर एक पल को देखा।

फिर अपने होठों को अर्धचन्द्राकार कर अपना स्कूटर स्टार्ट कर निकल गई। उसके निकलते ही सारी आँखें पुनः आवाजों में बदल गईं।

किन्तु अब उनमें न झल्लाहट थी, न खिसियाहट। बस सब एक सुर में थीं, “तुम उसको जानते हो क्या!”

“लेकिन उसके बच्चे ! वह तो.....!"

“….हाँ, पर वह एलियन नहीं है !” उन्हीं आवाजों में से एक आवाज आई। किसकी थी, नहीं पता।


मंगलवार, 11 जून 2019

मन का हिस्सा : लघुकथा

खड़ी दोपहरिया है। बाग में एक टीलेनुमा स्थान पर बच्चे खेलने जुट रहे हैं। कुछ दूरी पर शीबू बूट पॉलिश की डिब्बी को गाड़ी बना लुढ़काते हुए इधर-उधर दौड़ रहा है। चिनिया अभी नहीं आई है। इसलिए शीबू बीच-बीच में पगडंडी की ओर भी देख लेता है। सहसा पत्तों की सरसराहट के साथ भद की आवाज़ आयी। यह दो आम थे जो शीबू के नज़दीक भूमि पर गिरे थे। पहले तो वह हकबका उठा फिर झपटकर दोनों आम हथेलियों के कब्जे में ले लिए।

सिंदूरी आभा लिए धूप से तमतमाए उन आमों पर शीबू को अभी भी विश्वास नहीं आ रहा था। उसने ऊपर ताका। फिर आमों का मुआइना करते हुए, “यह तो सेनुरहवा का पक्का है! पर...इसमें तो बौर ही नहीं आता?”
शीबू ने आम को नथुनों से लगाकर गहरी साँस खींची, “हम्म्म...खुसबूsss!..आजी कहती हैं कि इसके जितना रसीला पक्का दुनिया में नहीं है!” उसने दोनों को निकर की जेब के हवाले किया और वहाँ से सरपट चल पड़ा।

वह चलते-चलते कभी आमों को जेब से निकालकर तसल्ली करता, तो कभी नथुनों से लगा आँखें बंद कर खुशबू लेता। वह बस्ती में दाखिल हुआ तो अपने घर के सामने फुदकती हुई चिनिया मिल गई।

"ओ सीबू! कहाँ से आ रहा है?"
"बाग से, ये देख आज पक्का पाया!"
"अरे हाँ, कितना बड़ा है!"
"सेनुरहवा का जो है!"
"तू भाग्यसाली है सीबू।"
"कैसे?"
"मैंने सुना है कि जो सेनुरहवा का पक्का खाता है उसकी इच्छा पूरी होती है।"
"हट! खा विद्या कसम!"
"सच्ची, विद्या कसम!"
"तब तो इसे आजी को खिलाऊँगा जिससे उसकी आँखों की रोसनी आ जाए।"
"और दूसरा...कौन खाएगा?" चिनिया आम को हसरत से देखती है।
"दूसरा मैं खाऊँगा...और कौन!"
“अच्छा, एक बार मुझे खुसबू लेने देगा?”
“ले...खुसबू!" शीबू चिनिया की नाक से आम सटा देता है।
चिनिया गहरी साँस खींचती है। मुँह में आए पानी को सुड़कते हुए, "तेरी क्या इच्छा है सीबू?"
"मेरी इच्छा ..." शीबू आँखों में शरारत भरते हुए, "मेरी इच्छा है कि मैं जल्दी से इसे खाऊँ!“
“तो खा ले ना!”
“नाss, पहले दोनों पक्के आजी को दिखाऊँगा।“
"तब खाएगा?"
"हाँ....अच्छा चिनिया...अगर यह तुझे मिलता तो तू क्या इच्छा करती?"
"मैं?...मैं इच्छा करती कि मेरी सादी हो जाए बस!"
"हट, सादी तो सबकी होती है, अपनी इच्छा को बर्बाद ही करेगी तू तो?”
“पर बाबा तो मेरी सादी की ही चिंता करता है!“
“अच्छा ये बता...तू मुझसे सादी करेगी?”
“कर तो लूँ...लेकिन बाबा से पूछना पड़ेगा।“
“क्या पूछना पड़ेगा?”
“वह कहता है कि सादी बिरादरी वालों में करते हैं, तू बिरादरी में है या नहीं यह पूछना होगा ना?“
“अच्छा ठीक है...अभी मैं घर जाता हूँ।"

शीबू घर की ओर दौड़ लगा देता है।
फिर कुछ दूर जाकर रुक जाता है। कुछ सोचकर मुस्कुराता है फिर जेब से एक आम निकालकर चिनिया के घर की ओर भागता है।

गुरुवार, 26 अप्रैल 2018

फाँस

दोपहर थी लेकिन आकाश में छाए बादल भोर का आभास करा रहे थे। मैं खिड़की के पास बैठी रेडियो के गीतों के साथ इस मोहक नज़ारे का आनंद ले रही थी। तभी मेरी निगाह बाउंड्री के बाहर एक युवक पर पड़ी। वह एड़ियाँ उचकाकर गमले से पौधे की टहनी तोड़ने की कोशिश कर रहा था। अक्सर लोग छोटे पौधों की टहनी कलम के लिए लेते ही रहते हैं। लेकिन मेरे देखते ही देखते उसने गमले से पूरा पौधा ही उखाड़ लिया। उखाड़ने के झटके से धक्‍का लगने से उस गमले के साथ दो और गमले भरभरा कर नीचे आ गिरे।
“अरे कलम चाहिए थी तो ले लेते। तुमने तो पूरा पौधा ही उखाड़ लिया। और..और ये गमले भी गिरा दिए!’’ मैं उस पर फट पड़ी।
“दीदी हम जाने नहीं थे। हमें लगा गमले में कई पौधे हैं...गलती हो गई...हम माफ़ी मांगते हैं।’’ वह हाथ जोड़ने लगा। उसके मुँह से शब्द अटक-अटक कर निकल रहे थे।

तब तक मेरी चिल्लाहट सुन कर भाई भी बाहर आ गया। गली से गुजर रहे लोग भी रुक कर देखने लगे। देखते-देखते दस-बारह लोग इकठ्ठा हो गए।
“चोरी कर रहे थे?” भाई ने घुड़कते हुए उसकी कमीज का कालर पकड़ लिया।
“नहीं, हम चोर नहीं हैं हमारा विश्वास कीजिए, हमसे पहली बार ऐसा हुआ।’’ यह कहते भर में उसकी कनपटी से पसीना बहने लगा। उसकी पतलून पैरों के काँपने की गवाही दे रही थी।
मैंने देखा वह सामान्‍य सा युवक साधारण किन्तु साफ़-सुथरे कपड़े पहने था। पहनावे से किसी दूसरे अंचल का लग रहा था।
“अरे छोड़ो, जाने दो उसे।’’ दरवाजे तक आ गए पिता जी ने भाई को आदेश देने जैसे स्‍वर में कहा।
भाई ने युवक का कालर छोड़ दिया। युवक पिता जी को देखते हुए हाथ जोड़ कर चला गया। गली में जमा हुए लोग भी चले गए। मैं भी अंदर आ गई। बाहर का नज़ारा अभी भी मोहक था। रेडियो पर गीत भी बज रहा था। लेकिन मन में जैसे कुछ चुभ रहा था।

मंगलवार, 24 अप्रैल 2018

तितलियाँ

नये साल के स्वागत में मॉल की रौनक चरम पर थी। ठीक उसके सामने रेहड़ी-खोमचे वाले खड़े थे। उनके बीच कुछ खिलौने-गुब्बारे बेचने वाले बच्चे भी थे जो मॉल के अंदर आने-जाने वालों से अपना सामान खरीदने की मिन्नतें करते घूम रहे थे।
निशा मॉल से निकल कर टैक्सी की प्रतीक्षा करने लगी तभी, “ओ दीदी जी! खिलौना ले लो!” एक बच्चे ने आग्रह किया।
“पर मेरे यहाँ तो कोई बच्चा ही नहीं है?”  निशा ने उसके गाल को सहलाते हुए कहा।
“ले लीजिये, घर में सजा दीजियेगा!”
“लेकिन बच्चेँ...” जब तक निशा कुछ और कहती, वह बच्चा एक दूसरे आदमी की ओर लपका, “ओ अंकल जी, खिलौना ले लीजिए!”
“हमें नहीं लेने तेरे ये खिलौने!”
“ले लीजिये...कम का लग जाएगा!” अब बच्चे की नजर आदमी के साथ वाले बच्चे पर थी।
“बोला ना, नहीं चाहिए!” आदमी ने झिड़कते हुआ कहा।
“पापा, मुझे वो वाला जोकर चाहिए!” आदमी की उँगली पकड़े हुए बच्चे ने डंडे से लटके मुखौटों की ओर इशारा किया।
”नहीं बेटा...ये खिलौने अच्छे नहीं हैं, चलो अभी अंदर से दिला देंगे!”
“नहीं साब जी जे खिलौने भी अच्छे हैं...एकदम नए!”
“छोरे, ये तू जो बेच रहा है ना ये सब कचरा माल है, जो हमारे दुश्मन देश से आया है!”
“जे कचरा नहीं है साब जी...सारा माल दाम देकर उठाया है!” बच्चे की आवाज भर्रा गयी।
“इधर लाओ, देखूँ क्या-क्या है तुम्हारे पास!”
“हाँ दीदी!...जे देखो चिड़िया! जे मुखौटे वाला जोकर और जे दीवार पर चिपकाने वाली तितलियाँ...” बच्चा हुलसकर निशा को खिलौने दिखाने लगा।
जाते-जाते वह आदमी निशा की प्रतिक्रिया से ठिठक गया था। उसे ति‍तलियॉं खरीदते देखकर वह बड़बड़ाया, “हुँह, इन्हीं लोगों ने देश का बेड़ा गर्क कर रखा है!” और अपने बच्चे को खींचता हुआ मॉल के अंदर घुस गया।

बुधवार, 21 मार्च 2018

सेल्फी

मोबाइल पर सन्देश चमका। कोई वीडियो था। साथ ही एक नोट था, “इसे अकेले में देखें।“
सन्देश देखते ही मेरी बाँछें खिल गईं। मैंने वीडियो चालू किया।
“पलट इसे, चेहरा देखना है!” एक अकड़दार आवाज कड़की। उसके साथ ही दिखा कि एक औरत औंधे मुँह जमीन पर पड़ी है। उसके शरीर पर कपड़े न के बराबर थे।
“औरत है साहेब, कोई चादर-वादर ऊपर डाल देते तो पलटते!” यह दूसरी आवाज थी।
“अरे पलट ना...वह मर चुकी है!” आवाज दोबारा कड़की।
“फिर भी साहेब...है तो औरत ही न... !”
“अरे बेवकूफ! पलट ना...पता तो चले कि यह है कौन....!”
कुछ हाथ औरत को सीधा करने लगे। मन हुआ कि वीडियो बंद कर दूँ। लेकिन फिर अजीब सी उत्सुकता ने ऐसा करने से रोक दिया। एकाएक वीडियो ब्लर होने लगा। मैं खिसिया गया।
कुछ देर बाद वीडियो साफ हुआ तो उत्सुकता फिर बढ़ी। कैमरा औरत के चेहरे को जूम करता हुआ आहिस्ता-आहिस्ता नीचे आने लगा। लेकिन कुछ ही क्षणों बाद वीडियो समाप्त हो गया। 
"ओफ्फ़ोह !" मैं झुँझला उठा। झुँझलाहट में अकस्मात मोबाइल का कैमरा ऑन हो गया।
उसमें अपना चेहरा देखते हुए मैं चौंक गया। मुझे खुद पर घिन हो आई।

गुरुवार, 30 नवंबर 2017

हमसफ़र : लघुकथा

सुबह पाँच बजे
“श्याम, बेटा उठ ना, गुनगुना पानी और त्रिफला चूर्ण दे-दे मुझे!”
“ऊँम्म...अभी देता हूँ पिता जी!” 
“अरे बेटा, मेरी चाय में थोड़ी चीनी और डाल दे, फीकी लगती है!”
“पिता जी, चाय में पहले ही इतनी चीनी है!”
“अच्छा-अच्छा, नाराज़ क्यों होता है...अ...सुन वो अखबार बाहर आ गया हो तो लेता आ...साथ में चश्मा भी देता जा!”
“जी!” 

9 बजे
“बेटा, ऑफिस जा रहा है क्या! अच्छा सुन बाथरूम में गीजर चालू करता जा। भोला के आते ही मैं नहाने चला जाऊँगा वरना घूमने जाने में देर हो जाती है। और हाँ वो होम्योपैथ दवा जो घुटनों के लिए थी, वह भी शाम को आते वक्त लेते आना।”
“जी...लेता आऊँगा...अब मैं चलूँ?”
“हाँ-हाँ...जा। ब्रश में टूथपेस्ट लगा दिया है ना...!”
“अरे हाँ, पिता जी सब रख दिया है, पूजा के लिए आपकी आसनी, रामायण, लोटे में जल, गीजर चालू कर दिया है, तौलिया और कपड़े, ब्रश में टूथपेस्ट, मेज पर नाश्ता। बस आप भोला से माँगकर समय पर खा जरुर लेना। अब मैं निकलता हूँ!”
“अरे बेटा, एक काम और करता जा। एक नया जनेऊ भी खोल कर रखते जाना। जब से प्रोस्टेट की समस्या हुई है, कान पर चढ़ाने का समय ही नहीं रहता..!”
“ओह्हो पिता जी! अब जनेऊ ढूंढने में बस निकल जाएगी। आप भोला से कह दीजिएगा वह निकाल देगा।”

ऑफिस में
“श्यामलाल जी, आज ये फाइलें निपटानी हैं।”
“जी!”
“आज थोड़ा देर से घर चले जाइएगा। वैसे भी आपको तो कोई फर्क नहीं पड़ेगा। घर में पत्नी और बाल-बच्चे होते तो बात और थी। भाई, बेटा हो तो आप जैसा। अच्छा किया जो दूसरी शादी नहीं की। सब झंझटों से मुक्त। एक हम हैं...पहले ऑफिस की ड्यूटी बजाओ और फिर घर में पत्नी और बच्चों की।”
“जी...लेकिन पिता जी!”
“अरे हाँ...अब कैसी तबियत है उनकी? कोई काम वाला रख लो भाई उनके लिए। आपको भी आराम रहेगा।”
“जी रखा है...लेकिन वह केवल दिन में ही रहता है। और पिता जी किसी बाहर वाले के हाथ का खाना नहीं खाते। इसलिए..!”
“अरे श्यामलाल जी, फिर भी एक बूढ़े आदमी का काम ही कितना होता है।”
“जी अब वह तो मैं ही जानता हूँ।”

शाम सात बजे
“अरे बेटा दवा लाए क्या!”
“जी!”
“अच्छा! आधा कप पानी में पाँच बूँद अभी दे-दे!”
“...हुफ्फ्फ़...लाता हूँ...आsssह...!”
“क्या हुआ!”
“कुछ नहीं पिता जी। घुटनों में थोड़ा दर्द है!”
“ओssह!..तेरा भी तो उनचासवाँ लग गया है, और मैं हूँ कि अभी भी तुझे उन्नीस का समझ रहा हूँ। तू बैठ यहाँ। इसमें से पाँच बूँद तुझे भी देता हूँ!”
“इसकी क्या जरूरत है पिता जी!...मैं खुद ले लूँगा!”
“जरूरत है बेटा...और हाँ कल भोला से बोल देना कि दोनों समय का खाना वही बना दिया करे!”

(पत्रिका 'आधुनिक साहित्य'  अप्रैल-जून 2018 में प्रकाशित )

सोमवार, 6 नवंबर 2017

खूबसूरत : लघुकथा

रात की पाली आरम्भ हो चुकी है। स्टाफ़ के नाम पर दो वार्ड बॉय दिख रहे हैं। रात की नीरवता को चीरते यंत्रों की पीप-पीप और इक्का-दुक्का मरीजों की कराहों ने वातावरण बोझिल बना दिया है। नींद कोसों दूर है। तभी सामने वाले मरीज को इंजेक्शन लगाने के लिए एक नर्स मरुस्थल में हरियाली सी प्रकट हुई।
“चलो कुछ तो देखने लायक मिला।” मन ने सांत्वना दी। लेकिन जैसे ही उस शुभ्र वस्त्र धारिणी का सपाट पत्थर सा साँवला चेहरा दिखा तो अचानक उगी हरियाली कैक्टस में तब्दील हो गई।
“उम्ह...इससे तो भली वह सुबह वाली मोटी थी!” मेरे टूटे मन ने मुँह बिचकाया।
मेरे पेट के टाँकों का दर्द तो कम था किन्तु पेट फूलने लगा। मैंने भतीजे से दवा के लिए कहलवाया। दो से तीन बार हो गया किन्तु नर्स, “अभी आते हैं..” कहकर अभी तक नहीं आई। सलाह भेजी कि उठकर बैठें, थोड़ा चलें-फिरें।
बाजू वाले बिस्तर पर एक लड़की अनमनी सी होने लगी। उसकी माँ ने जाकर नर्स से कुछ कहा और वापस आ गई।
“क्या हुआ...नर्स आ नहीं रही क्या?” मैंने उसकी माँ से पूछा।
“आएँगी अभी बोला है...किसी को इंजेक्शन लगा रही हैं।” उसने जवाब दिया।
“हुँह, न जाने ये नर्सें अपने आपको क्वीन विक्टोरिया क्यों समझती हैं!” मैं बिफरा।
“नहीं चाचू...वह लाइन से दूसरे मरीजों को देखती हुई इधर ही आ रही हैं।” भतीजे के इस कथन पर मैंने उसे घूरा जो पास में रखी बेंच पर पसर चुका था।
मैं मन ही मन नर्स के चेहरे में फिर से उलझ गया।
“इस सरकारी अस्पताल में कुछ नहीं तो कम से कम नर्सें तो खूबसूरत होनी ही चाहिए...बेचारे उन मरीजों का क्या होता होगा जो लम्बे समय तक यहाँ पड़े रहते हैं!”
पेट में उथल-पुथल बढ़ गई। मैंने भतीजे को आवाज दी जो खर्राटों की गिरफ़्त में था।
“आँ...हाँ चाचू...!” दो-तीन बार पुकारने पर वह कसमसाते हुए उठा। मैंने उससे शौचालय ले चलने को कहा।
लघुशंका से निवृत हो वार्ड में ही एक दो चक्कर लगाने के बाद मैं बिस्तर पर आ गया। अब पेट हल्का लग रहा था और मैं मंद-मंद नींद के आगोश में विचरने लगा।
सुबह आँखें खुलीं तो नर्स बाजू वाली लड़की के बेड की ओर आ रही थी।
“गुड मॉर्निंग सिस्टर!” उसके आते ही उस लड़की ने अभिवादन किया।
“...ऊँ...हाँ...!” इस अप्रत्याशित अभिवादन से वह पहले तो चौंकी फिर उसने भी जवाब दिया, “...गुड मॉर्निंग!”
ऐसा करते हुए उसके होठों की सीपी खुल गईं जिससे भीतर से मोती झाँकने लगे। अब उसका चेहरा ख़ूबसूरत लगने लगा था।
“कैसी तबियत है सर....!” अब वह मुझसे मुखातिब थी।
अचानक मेरे मुँह से निकल पड़ा, “खूबसूरत...!”
उसने तिरछी निगाहों से मुझे देखा, मैं अपनी झेंप मिटाने के लिए कुछ और कहता इसके पहले ही वह फिर मुस्कुरा दी।
                                               
                                           Photo by Joopa Doops from Google Images